समृद्ध हिमाचल–2045 के लिए नागरिकों से ऑनलाइन सुझाव आमंत्रित
17 प्रश्नों पर आधारित सर्वेक्षण 26 अगस्त तक उपलब्ध रहेगा
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। आत्मनिर्भर और समृद्ध हिमाचल के निर्माण का 20 वर्षीय रोडमैप अब जनता की सक्रिय भागीदारी से तैयार किया जाएगा। राज्य सरकार ने समृद्ध हिमाचल–2045 पहल के तहत नागरिकों से ऑनलाइन सुझाव आमंत्रित किए हैं, ताकि आने वाले दो दशकों का विज़न प्लान प्रदेश की वास्तविक आवश्यकताओं और आकांक्षाओं को प्रतिबिंबित कर सके।
उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने बताया कि इस उद्देश्य से डॉ. मनमोहन सिंह हिमाचल प्रदेश लोक प्रशासन संस्थान शिमला ने एक ऑनलाइन नागरिक सहभागिता प्रश्नावली जारी की है। इसके माध्यम से प्रदेशवासी, विभिन्न संस्थान और हिमाचली प्रवासी समुदाय अपने विचार, आकांक्षाएं और नवाचार साझा कर सकते हैं। 17 प्रश्नों पर आधारित यह सर्वेक्षण 26 अगस्त 2025 तक उपलब्ध रहेगा। इच्छुक व्यक्ति [https://himachal.nic.in/samridhhimachal](https://himachal.nic.in/samridhhimachal) लिंक पर लॉग इन कर सीधे प्रश्नावली भर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, संस्थान द्वारा जारी वेब लिंक और क्यूआर कोड के माध्यम से भी गूगल फॉर्म पर अपने सुझाव भेजे जा सकते हैं।
उपायुक्त ने कहा कि नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से राज्य की नीतियां और योजनाएं अधिक प्रभावी एवं जन-उपयोगी बनेंगी। उन्होंने जिला वासियों से आह्वान किया कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रश्नावली भरकर अपनी राय, आकांक्षाएं और नवाचार अवश्य साझा करें, ताकि हिमाचल के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखी जा सके।