अंब(ऊना)। औद्योगिक क्षेत्र कुठेड़ा खैरला में बुनियादी सुविधाओं की कमी और बरसाती पानी की निकासी न होने की समस्या को लेकर उद्योगपतियों ने विधायक सुदर्शन सिंह बबलू को अवगत कराया है। शनिवार को विधायक ने औद्योगिक क्षेत्र का दौरा कर वहां की स्थिति का निरीक्षण किया और उद्यमियों की समस्याओं को सुना। इस मौके पर औद्योगिक संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में ड्रेनेज व्यवस्था की भारी कमी है, जिसके कारण बरसात के दिनों में पानी सड़कों पर जमा हो जाता है। जलभराव की इस स्थिति से जहां वाहनों की आवाजाही पर बुरा असर पड़ता है, वहीं कई बार यह पानी औद्योगिक इकाइयों के भीतर तक घुस जाता है, जिससे काम में बाधा आती है।
उद्योगपतियों ने विधायक से मांग की है कि कुठेड़ा खैरला औद्योगिक क्षेत्र में जल्द से जल्द उचित ड्रेनेज और सीवरेज सिस्टम का निर्माण करवाया जाए। विधायक ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और उद्यमियों को आश्वासन दिया कि औद्योगिक क्षेत्र के विकास के लिए जरूरी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता में शामिल है। उन्होंने कहा कि वह संबंधित विभागों के अधिकारियों से इस संबंध में रिपोर्ट मांगकर समस्याओं के समाधान के लिए उचित कदम उठाएंगे। इस निरीक्षण के दौरान उद्योग विभाग अंब के प्रसार अधिकारी विप्लव राणा, कुठेड़ा खैरला की प्रधान सुशीला शर्मा, उपप्रधान विकास शर्मा, वार्ड सदस्य गफूर, अश्वनी कुमार और कई स्थानीय उद्यमी भी मौजूद रहे।