ऊना। जिले में सोमवार को मौसम ने दिनभर कई रंग बदले। सुबह के समय आसमान में घने बादल छाए रहने से लोगों को तेज धूप से राहत मिली और मौसम सुहावना बना रहा। दोपहर बाद मौसम साफ हो गया लेकिन हवाएं चलने का सिलसिला जारी रहा। इससे अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम सामान्य रहने के कारण दोपहर के समय में भी लोग घरों से बाहर निकले। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को जिले का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह बादलों की वजह से तापमान में हल्की गिरावट रही। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इन दिनों मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। कभी बादल तो कभी तेज धूप के कारण तापमान में बदलाव हो रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में भी इसी तरह का मौसम बना रह सकता है। कभी बादल छाने तो कभी तेज धूप निकलने की स्थिति बनी रह सकती है। जिससे तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा।