अंब(ऊना)। नगर पंचायत अंब के वार्ड नंबर 6 से एक प्रत्याशी को अपात्र घोषित करके हुए उसका नामांकन रद्द कर दिया गया है। प्रत्याशी के हिमाचली मूल का न होने के कारण अपात्र घोषित किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर पंचायत के वार्ड 6 से कुल तीन प्रत्याशियों ने नामांकन किया था। जिसमें दस्तावेजों की जांच के दौरान सामने आया कि संदीप कुमार मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के निवासी न होकर पंजाब से संबंध रखते हैं जबकि चुनाव लड़ने के लिए हिमाचली मूल का होना अनिवार्यता है। जिस कारण छंटनी प्रकिया के दौरान चुनाव अधिकारी ने उन्हें चुनाव लड़ने के लिए अयोग्य करार दिया। अब नपं के वार्ड 6 में दो ही प्रत्याशी रह गए हैं। गौरतलब है कि नामांकन प्रकिया समाप्त होने के बाद अब छंटनी प्रकिया चल रही है जिसमे प्रत्याशियों के दस्तावेजों की जांच की जा रही है। 6 मई तक दोपहर तीन बजे तक नाम वापस लिए जा सकते हैं। तीन बजे के बाद प्रत्याशियों की सूची फाइनल कर चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। एक नामांकन रद्द होने के बाद नपं के नौ वार्ड से प्रत्याशियों की संख्या अब 27 से घटकर 26 रह गई है। तहसीलदार अंब राहुल शर्मा ने बताया कि नपं के वार्ड 6 से एक प्रत्याशी के हिमाचली मूल के न होने से उसका नामांकन रद्द किया गया है। संवाद