राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक के तहत 61 स्वास्थ्य संस्थान हुए प्रमाणित
नागरिक अस्पताल हरोली और अंब राष्ट्रीय स्तर पर प्रमाणित
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जिला ऊना ने प्रदेश में सबसे अधिक कायाकल्प अवार्ड हासिल किए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ऊना डॉ. संजीव कुमार वर्मा ने बताया कि प्रदेश के जिला ऊना के 61 स्वास्थ्य संस्थान राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय टीम की ओर से राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक के लिए प्रमाणित किए गए हैं। यह चयन प्रक्रिया राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय चयन टीम एक्सटर्नल असेसमेंट के आधार पर की गई। इसमें नागरिक अस्पताल हरोली और अंब को राष्ट्रीय स्तर पर प्रमाणित किया गया है। जिला ऊना में 19 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राज्य स्तर पर प्रमाणित हुए हैं। इनमें खंड हरोली में छह, खंड अंब में पांच, खंड थानाकलां में तीन, खंड बसदेहड़ा में चार, खंड गगरेट से एक संस्थान को प्रमाणित किया गया। जिले के 42 राज्य स्तरीय आयुष्मान आरोग्य मंदिर राज्य स्तर पर प्रमाणित हुए। इनमें खंड हरोली से छह, खंड अंब से छह, खंड गगरेट से आठ, खंड थानाकलां से छह व खंड बसदेहड़ा से 16 आयुष्मान आरोग्य मंदिर प्रमाणित हुए हैं। बताया कि वर्ष 2024-25 में जिले के 73 स्वास्थ्य संस्थानों को कायाकल्प पुरस्कार से नवाजा गया है और जिले को 53.85 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्राप्त हुई है। जिला गुणवत्ता परामर्शदाता डॉ. रमन संदल ने बताया कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य के क्षेत्र में यह सफलता मिली है। इसके लिए सभी खंड स्वास्थ्य अधिकारी व चिकित्सक व स्टाफ ने बेहतरीन कार्य किया है।