पंजाब सरकार और बीबीएमबी जता रहा हक
संवाद न्यूज एजेंसी
नंगल (ऊना)। नंगल में वर्षों पहले बीबीएमबी प्रबंधन ने हाईकोर्ट में केस जीतने के बाद तोड़े शिवालिक सिनेमा का मामला चर्चा में आ गया है। आम आदमी पार्टी के नेता और गुरु रविदास आयुर्वेदिक विवि के अध्यक्ष डाॅ. संजीव गौतम ने प्रेसवार्ता कर इस जमीन को पंजाब इरिगेशन विभाग की बताया है। बीबीएमबी प्रबंधन को भूमि पर अपना मालिकाना हक के कागजात दिखाने को कहा है। अगर भूमि के वैध कागजात दिखाने में बीबीएमबी असफल रहा तो यहां पड़े मलबे को हटाया जाएगा। जमीन पर पंजाब सरकार को कब्जा दिलाने के बाद यहां अन्य परियोजना शुरू करवाने का प्रयास करेंगे। इसके बाद बीबीएमबी प्रबंधन का भी पक्ष सामने आया है। बीबीएमबी के एक्सईएन टाउनशिप सुरेंद्र धीमान ने कहा कि नंगल के शिवालिक सिनेमा का मामला हाईकोर्ट तक चला था और उच्च न्यायालय ने पूरा मामला ध्यान से सुनने के बाद पूरे कागजातों की समीक्षा के बाद ही फैसला बीबीएमबी के पक्ष में सुनाया था। उधर, वार्ड नौ से महिला पार्षद इंदुबाला भी इस मामले से जुड़े तथ्य लेकर सामने आई और कहा कि भूमि पर लगभग 38 लाख की लागत से एक खूबसूरत पार्क बनाने का प्रस्ताव नंगल नगर काउंसिल की ओर से पारित किया जा चुका है। बीबीएमबी से इसके लिए एनओसी मांगा है। एनओसी मिलते ही यहां से मलबा हटा खूबसूरत पार्क का निर्माण करवाया जाएगा।