ऊना। उपनिदेशक स्कूल शिक्षा (माध्यमिक) अनिल कुमार तक्खी ने टीम के साथ जिले के छह सरकारी स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जनकोर, छतरपुर और गुरपलाह आदि स्कूलों में शैक्षणिक गुणवत्ता, स्वच्छता और मध्याह्न भोजन की व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालयों में रखे विभिन्न महत्वपूर्ण रजिस्टरों की जांच की। इनमें यौन उत्पीड़न रोकथाम, कॅरिअर काउंसलिंग, मिड-डे मील, स्काउट एवं गाइड तथा पेयजल टैंकों की सफाई से संबंधित रिकॉर्ड शामिल रहे। उन्होंने कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से बातचीत की और पाठ्यक्रम से जुड़े सवाल पूछकर उनके शैक्षणिक स्तर का आकलन किया। साथ ही कक्षाओं और स्कूल परिसर में साफ-सफाई तथा शैक्षणिक माहौल भी देखा।
उपनिदेशक ने मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता, पौष्टिकता, स्वच्छता और संबंधित रिकॉर्ड की जांच की। उन्होंने व्यवस्था पर संतोष जताते हुए कहा कि सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध करवाया जा रहा है। उन्होंने स्कूल प्रमुखों और भोजन व्यवस्था से जुड़े कर्मचारियों को निर्देश दिए कि भोजन की गुणवत्ता, पौष्टिकता और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए। निरीक्षण के बाद उन्होंने स्कूल स्टाफ के साथ बैठक कर शैक्षणिक और सह-शैक्षणिक गतिविधियों को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षकों से पूरी निष्ठा और लगन के साथ विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने का आह्वान किया। निरीक्षण टीम में जिला नोडल अधिकारी पुष्पा रानी, नोडल अधिकारी आईटी नरेश कुमार और जेओए आईटी अभिषेक मौजूद रहे।