बड़ूही (ऊना)। चकसराय-बड़ूही सड़क की बदहाली को लेकर शुक्रवार शाम को लोक निर्माण विभाग हरकत में आया। विभाग ने बेहड़ कांशी पुल और टकारला बाजार में सड़क में बने गड्ढों और क्षतिग्रस्त स्थानों पर मिट्टी और बजरी डालकर फिलहाल अस्थायी मरम्मत कर दी है। चकसराय-बड़ूही सड़क की बदहाली की समस्या को संवाद न्यूज एजेंसी की ओर से अमर उजाला में प्रमुखता से प्रकाशित किया गया। अब लोक निर्माण विभाग हरकत में आया और अस्थायी मरम्मत की।
बेहड़ कांशी पुल के पास पिछले करीब दो वर्षों से सड़क का एक हिस्सा धंसा हुआ था। तीखे मोड़ के कारण यह गड्ढा वाहन चालकों को अचानक दिखाई देता था, जिससे हादसे का खतरा बना हुआ था। अब मरम्मत होने से वाहन चालकों को राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, ग्रामीणों का कहना है कि यह केवल अस्थायी समाधान है और सड़क का स्थायी समाधान अभी बाकी है। स्थानीय ग्रामीण विपन, हाकम, अश्वनी कुमार, गुरदीप सिंह, राकेश कुमार और अवतार सिंह ने कहा कि फिलहाल गड्ढे भरने से वाहन चालकों को कुछ राहत मिली है लेकिन सड़क को पूरी तरह मजबूत करने के लिए स्थायी कार्य की आवश्यकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि विभाग अब जल्द ही स्थायी मरम्मत करवाकर समस्या का पूरी तरह समाधान करेगा।
लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता सुरजीत सिंह ने कहा कि फिलहाल मिट्टी और बजरी डालकर अस्थायी समाधान किया गया है। फंड उपलब्ध होने के बाद सड़क की स्थायी मरम्मत करवाई जाएगी।