पत्नी और सेवानिवृत्त जवानाें ने उठाई सरकार से मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
अंब(ऊना)। उपमंडल अंब के सलोई गांव के लांस नायक फकीर चंद ने 12 जनवरी 1982 को बीएसएफ में भर्ती होकर 117 बटालियन में श्रीनगर में तैनाती पाई थी। 3 दिसंबर 1993 को आतंकवादियों से मुठभेड़ में उन्होंने वीरगति प्राप्त की। इस मुठभेड़ में 10 आतंकवादी मार गिराए गए और भारी गोला बारूद बरामद हुआ। उनके सर्वोच्च बलिदान के लिए तत्कालीन गृह मंत्री द्वारा उन्हें मरणोपरांत पुलिस पदक से सम्मानित किया गया। विधवा कमलेश देवी ने बताया कि पति की शहादत के बाद कठिन परिस्थितियों में उन्होंने बेटी की परवरिश की, जिसका विवाह हो चुका है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि बेटी को सरकारी नौकरी दी जाए। सेंट्रल पैरा मिलिट्री फोर्सेज एसोसिएशन (सीएपीएफ) के वरिष्ठ सदस्यों ने शहीद की याद में स्मृति द्वार या अन्य स्मारक बनाने की भी मांग की है।