अंब (ऊना)। कैलाश नगर नकड़ोह में हेरोइन बरामदगी और पुलिस टीम पर गाड़ी चढ़ाने के मामले में गिरफ्तार तीनों आरोपियों को अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस रिमांड की अवधि समाप्त होने के बाद बुधवार को पुलिस ने तीनों आरोपियों को अंब अदालत में पेश किया, जहां से अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश जारी किए।गौरतलब है कि पुलिस ने नकड़ोह में नाकेबंदी के दौरान अर्जुन सिंह निवासी नकड़ोह को 5.77 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा था। वह यह खेप मौके पर कार में मौजूद जसकीरत सिंह निवासी देवनगर गगरेट को देने आया था। इस दौरान जब अंब थाना प्रभारी विपिन शर्मा ने कार चालक को पकड़ने का प्रयास किया, तो जसकीरत सिंह ने भागने के लिए गाड़ी सीधे थाना प्रभारी पर चढ़ा दी थी। इस घटना में थाना प्रभारी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। एसडीपीओ अंब अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस रिमांड पूरा होने पर अदालत ने तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने का फैसला सुनाया है।