बोले- पहाड़ी राज्यों में हिमाचल बसों के संचालन में नंबर वन
50 साल पूरे होने पर बस स्टैंड पर पूजा-अर्चना कर बांटी मिठाई
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। हिमाचल पथ परिवहन निगम ऊना की तरफ से एचआरटीसी के 50 वर्ष पूरे होने पर आईएसबीटी ऊना में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर एचआरटीसी अधिकारियों ने पूजा-अर्चना कर निगम के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एचआरटीसी ऊना के डीडीएम ई. सुरेश धीमान ने शिरकत की। इसके अलावा विशेष अतिथि के रूप में एमआरसी ग्रुप के जीएम परवेश शर्मा मौजूद रहे। इस मौके पर सुरेश धीमान ने बताया कि एचआरटीसी का बीते 50 साल का सफर बेहतरीन रहा है। बताया कि मंडी-कुल्लू ट्रांसपोर्ट से शुरू हुआ सफर आज 28 डिपाे निगम के बेड़े में है। 500 बसों से शुरू हुआ सफर आज तीन हजार बसों तक पहुंच गया है। डीजल के दौर से शुरू हुई निगम आज इलेक्ट्रोनिक बसों तक पहुंच गई है। हाईटेक, वोल्वो और लग्जरी बसों का संचालन किया जा रहा है। ट्रैक्सी बसों का भी जनता की सुविधा के लिए संचालन किया गया है। पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश नंबर वन पर आंका जाता है। निगम को इस मुकाम तक पहुंचाने के लिए कर्मचारियों का सबसे बड़ा योगदान रहा है। निगम की तरफ से लोगों को बेहतर सुविधा देने के लिए लगातार प्रयास किए जाते हैं। निगम की तरफ से यात्रियों को दिन-रात यात्रा की सुविधा प्रदान की जा रही है। इसी कारण से निगम पर लोगों का भरोसा अभी भी कायम है। इस कार्यक्रम के अंत में आईएसबीटी ऊना परिसर में मिठाई का वितरण भी किया गया। इस अवसर पर निगम चालक, परिचालक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
सचित्र