नंगल आनंदपुर साहिब मार्ग की खस्ता हालत। संवाद
लोगों को करना पड़ रहा दिक्कतों का सामना
संवाद न्यूज एजेंसी
नंगल (ऊना)। नंगल–चंडीगढ़ मुख्य मार्ग पर श्री कीरतपुर साहिब तक सड़क पर पड़े गहरे गड्ढे यात्रियों के लिए खतरे का सबब बने हुए हैं। कई बार वाहन चालक इन गड्ढों में फंसकर हादसे का शिकार हो चुके हैं और गंभीर स्थिति में अस्पताल तक पहुंचाए गए हैं। इस कारण इस मार्ग पर वाहन धीरे-धीरे चलने को मजबूर हैं, जिससे यातायात जाम की स्थिति बनी रहती है। पिछले दिनों प्रशासन ने शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस के निर्देश पर इन गड्ढों को भरने के लिए कार्य शुरू किया था। लेकिन, हाल में हुई भारी बारिश के कारण गड्ढे फिर उभर गए हैं। समस्या और भी गंभीर है क्योंकि नंगल से श्री आनंदपुर साहिब तक यह मार्ग सिंगल लेन का है और चंडीगढ़–धर्मशाला एवं धर्मशाला–चंडीगढ़ मार्ग पर दिनभर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहती हैं। इस बारे में शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि बरसात के कारण गड्ढों को भरने में देरी हुई। उन्होंने बताया कि इस हाईवे के सुधार के लिए टेंडर 11 सितंबर को खुल चुका है और जल्द ही सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।