मेडिकल कॉलेज सहित अन्य अस्पतालों की ओपीडी में रोज 80-100 मरीज पहुंच रहे
गंभीर लक्षण वालों को किया जा रहा भर्ती, डॉक्टरों ने दी सावधानी बरतने की सलाह
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। मौसम में हो रहे बदलाव के कारण लोग सर्दी जुकाम की चपेट में आ रहे हैं। मेडिकल कॉलेज सहित अन्य अस्पतालों की ओपीडी में सर्दी-जुकाम के मरीजों का आंकड़ा रोजाना बढ़ रहा है। मेडिसन और शिशु रोग ओपीडी में रोजाना 80 से 100 मरीज सर्दी जुकाम का इलाज करवाने के लिए पहुंच रहे हैं। इसमें अधिकतर मरीजों को डॉक्टर दवाई और जरूरी चिकित्सीय परामर्श देकर घर भेज रहे हैं। जबकि, गंभीर लक्षणों वाले मरीजों को ही अस्पताल में भर्ती किया जा रहा है।
धूप खिलने पर मौसम गर्म हो रहा है तो शाम ढलते ही ठंड बढ़ रही है। ऐसे में मौसम में जो लोग लापरवाही बरत रहे हैं, वे सर्दी, खांसी और जुकाम की चपेट में आ रहे हैं। गर्मी होने पर लोग अपने तन से गर्म कपडों को उतारकर हलके कपड़े पहने रहे हैं। इसका उनके शरीर पर बुरा असर पड़ रहा है। खासतौर छोटे बच्चों में यह समस्या सबसे ज्यादा देखने को मिल रही है।
नागरिक अस्पताल चुवाड़ी, तीसा, भरमौर और किलाड़ में भी ऐसे मरीजों की संख्या में रोजाना वृद्धि हो रही है। डाॅक्टरों ने लोगों को सलाह दी है कि जब तक सर्दी का मौसम पूरी तरह से खत्म नहीं हो जाता। तब तक गर्म कपड़ों को न उतारें। ऐसा करने पर वे बीमार हो सकते हैं। मेडिकल कॉलेज में रोजाना आठ से दस मरीज भर्ती हो रहे हैं। जबकि, इतने ही मरीज इलाज होने के बाद स्वस्थ होकर घर भी जा रहे हैं।
इनसेट
मौसम में बदलाव होने के कारण लोग सर्दी-जुकाम की चपेट में आ रहे हैं। इस वायरल से बचने के लिए लोगों को जरूरी एहतियात बरतनी चाहिए। बच्चों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देना चाहिए। - डॉ. पंकज गुप्ता, प्राचार्य मेडिकल कॉलेज