ऊना। जिलेभर के बाजारों और राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे अतिक्रमण और अवैध पार्किंग करने वालों पर अब कार्रवाई होगी। जिला प्रशासन, नगर निगम ऊना शहर के बाजारों और एनएच किनारे विशेष अभियान चलाएगा। जिला प्रशासन की ओर से भी जिलेभर में इस समस्या से निपटने के लिए मुहिम शुरू की जाएगी। इससे सड़कों और बाजारों में लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। अमर उजाला ने ऊना शहर से लेकर अंब, गगरेट, बंगाणा, थानाकलां और लठियाणी तक अतिक्रमण व बेतरतीब पार्किंग की समस्या को प्रमुखता से उठाया। नगर निगम आयुक्त पृथी पाल सिंह के अनुसार, शहर के बाजारों और राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे अतिक्रमण व अवैध पार्किंग के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सार्वजनिक रास्तों और यातायात में बाधा पैदा करने वाले अतिक्रमण को हटाने पर जोर रहेगा ताकि लोगों को बाजारों में आने-जाने में परेशानी न हो। अब नगर निगम और प्रशासन की ओर से विशेष अभियान की तैयारी से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और सड़क किनारे अवैध पार्किंग की समस्या पर अंकुश लगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इसे लेकर दिशा निर्देश जारी कर दिए गए हैं। नियमों का उल्लंघन कर वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कदम उठाए जाएंगे।
-सचिन हिरेमठ, पुलिस अधीक्षक ऊना
सड़कों पर वाहनों को पार्क करने से लेकर अवैध तरीके से किसी भी तरह का अतिक्रमण करना कानून अपराध है। पुलिस, नगर निगम और संबंधित विभागीय अधिकारियों को इस दिशा में सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए जाएंगे ताकि आमजन की आवाजाही सुरक्षित और सहज हो सके। नियमों के विपरीत गतिविधियों को अंजाम देने वालों को किसी भी सूरत में नहीं बख्शा जाएगा।
-जतिन लाल, डीसी ऊना