अंब(ऊना)। शादी का झांसा देकर युवती से संबंध बनाने के आरोपी को अदालत ने चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी को पुलिस ने शुक्रवार को अंब अदालत में पेश किया। गौरतलब है कि क्षेत्र के तहत पड़ते गांव की रहने वाली इस युवती की शादी 7 मई को होनी तय थी लेकिन विवाह से दो दिन पहले वह अचानक घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने पास के ही एक शादीशुदा व्यक्ति पर उसे बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया था, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एक विशेष टीम बनाई और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से युवती की लोकेशन का पता लगाया। पुलिस ने 48 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए बुधवार को लुधियाना से युवती को बरामद कर लिया और साथ ही आरोपी को भी अपनी हिरासत में ले लिया था। वीरवार को पुलिस ने युवती को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया था। एसडीपीओ अंब अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस अब रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में अगली कानूनी कार्रवाई की जा रही है।