स्थानीय युवक ने ही दिया था वारदात को अंजाम
मंदिर कमेटी ने आरोपी को चेतावनी देकर छोड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
मुबारिकपुर (ऊना)। लोअर भंजाल शिव मंदिर में बीती शुक्रवार रात को हुई चोरी की घटना को पुलिस ने सुलझा लिया है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से चोरी का आरोपी पुलिस ने दबोच लिया। आरोपी स्थानीय युवक ही निकला। रविवार को आरोपी को मंदिर लाया गया। जहां उसने वारदात को अंजाम देने की बात कबूली। इसके बाद आरोपी के माता-पिता को बुलाया और पूरे मामले की जानकारी दी। दोनों पक्षों में बातचीत के बात समझौता हुआ और आरोपी को भविष्य में ऐसी हरकत न करने की शर्त में छोड़ा गया।
शुक्रवार रात के समय चोर ने वारदात को बड़े ही निर्भीक तरीके में अंजाम दिया। उसने मंदिर में प्रवेश कर दान पात्र पर हाथ साफ किया। सुबह जब इस वारदात के बारे में शिव मंदिर कमेटी सदस्यों को पता चला, तो सीसीटीवी को खंगाला गया। सीसीटीवी में एक व्यक्ति रात के समय चोरी की घटना को अंजाम देता नजर आया। स्थानीय लोगों ने सीसीटीवी से आरोपी की पहचान कर ली और पुलिस को इस बारे बताया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया। चोर के कृत्य की सारी घटना का गवाह सीसीटीवी बना। आरोपी पहचान के बाद उसे कमेटी सदस्यों द्वारा मंदिर में लाया गया और जहां उसने चोरी करने की बात को स्वीकार किया। चोरी के पीछे युवक ने नशे की लत और पैसों की कमी को कारण बताया। पुलिस अधीक्षक अमित यादव ने बताया कि चोरी के मामले में पकड़ा आरोपी स्थानीय है। ग्रामीणों के उसे चेतावनी देकर छोड़ने का निर्णय लिया। पुलिस के पास मामला दर्ज नहीं करवाया गया है।