हरोली (ऊना)। क्षेत्र की कांगड़ पंचायत के संदीप कुमार के घर में बारिश के पानी की निकासी को लेकर तहसीलदार विपन ठाकुर ने मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने लोनिवि एसडीओ, जेई सहित कांगड़ और धर्मपुर पंचायतों के प्रधान और लोगों से बातचीत की।
तहसीलदार ने लोनिवि को निर्देश दिए कि सड़क किनारे सरकारी भूमि की जांच करें। इसके साथ जो नाला बनाया है, उस भूमि की पैमाइश करें कि नाला सरकारी भूमि पर है या फिर निजी भूमि में। इसके बाद पीड़ित परिवार और ग्रामीणों की बारिश के पानी की समस्या का हल निकाला जाए। श्री गुरु रविदास महासभा के जिला अध्यक्ष एडवोकेट नरेश सैंसोवाल ने कहा कि आठ माह से बारिश का पानी संदीप कुमार के घर में घुस रहा है।
इसके कारण उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस अवसर पर कांगड़ पंचायत की प्रधान नीलम देवी, उपप्रधान गणेश कौशल, वार्ड पंच रजनी, धर्मपुर पंचायत की प्रधान सुभद्रा देवी, उपप्रधान रंजू और अन्य मौजूद रहे।
जल्द ही समस्या का किया जाएगा हल : तहसीलदार
हरोली तहसीलदार विपन ठाकुर ने कहा कि जल्द ही पीड़ित संदीप कुमार के परिवार सहित अन्य ग्रामीणों की समस्या को सुलझाने का काम किया जाएगा। संदीप कुमार के घर के बाहर बारिश के पानी को घुसने से रोकने के लिए मिट्टी डालने के लोनिवि को निर्देश दे दिए हैं।