ऊना। युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने के उद्देश्य से महादेव क्लब ने झोड़ोवाल में क्रिकेट प्रतियोगिता करवाई। रविवार को समापन पर फाइनल मुकाबला वार्ड नंबर छह ऊना और जानकौर की टीम के बीच खेला गया, जिसमें ऊना ने ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
फाइनल मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए जनकौर की टीम ने निर्धारित पांच ओवर में 57 रन बनाए और विपक्षी टीम के सामने जीत के लिए 58 रन का लक्ष्य रखा।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी वार्ड नंबर छह ऊना की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए बिना कोई विकेट गंवाए 58 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। झोड़ोवाल पंचायत के पूर्व प्रधान राम कुमार और उप प्रधान विक्रम ने विजेताओं को ट्रॉफी दी।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल भावना और दमदार प्रदर्शन दिखाया। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में स्थानीय युवाओं और खेल प्रेमियों ने पहुंचकर मैचों का आनंद लिया। आयोजकों ने बताया कि इस तरह के आयोजन का मकसद युवाओं को खेलों से जोड़कर सकारात्मक दिशा देना है।
समापन अवसर पर विभिन्न खिलाड़ियों और सहयोगियों को सम्मानित भी किया गया। क्रिकेट प्रतियोगिता में राज चौधरी को बेहतरीन अंपायरिंग के लिए बेस्ट अंपायर के खिताब से नवाजा गया।
आयोजन के सफल समापन पर महादेव क्लब के अध्यक्ष महेश कुमार और क्लब सदस्यों ने सभी टीमों और सहयोगियों का आभार जताया। प्रतियोगिता में 32 टीमों ने भाग लिया।