होटल मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट ऊना का किया शैक्षणिक भ्रमण
संवाद न्यूज एजेंसी
थानाकलां (ऊना)। ऊना स्थित होटल मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट का शैक्षणिक भ्रमण राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला थानाकलां के विद्यार्थियों ने शिक्षक विनोद कुमार के सानिध्य में किया। यह भ्रमण विद्यार्थियों के लिए न केवल ज्ञानवर्धक रहा, बल्कि उनके कॅरिअर निर्माण की दिशा में एक प्रेरणादायक अनुभव भी सिद्ध हुआ। इस भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने होटल उद्योग से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों जैसे फ्रंट ऑफिस प्रबंधन, हाउसकीपिंग, फूड एंड बेवरेज सर्विस, किचन मैनेजमेंट तथा आतिथ्य सत्कार के आधुनिक तरीकों की बारीकियों के बारे में जानकारी ली। वहीं, इशिता, अशदीप, लक्षदीप, अमन, बलजीत एवं खुशबू ने कहा कि इस भ्रमण ने उन्हें अनुशासन, टीमवर्क और सेवा भावना का महत्व सिखाया, जो जीवन के हर क्षेत्र में उपयोगी सिद्ध होते हैं। जमा एक कक्षा के विद्यार्थियों ऋद्धिका, प्रिया, रिया, पलक एवं कुमकुम ने कहा कि उनके शिक्षक विनोद कुमार समय-समय पर इस प्रकार के शैक्षणिक आयोजनों के माध्यम से उन्हें नई-नई जानकारियां प्रदान करते हैं। प्रधानाचार्य संजीव पराशर ने कहा कि विद्यालय का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वरोजगार अपनाने की ओर अग्रसर करना है, ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर समाज और राष्ट्र के विकास में अपना योगदान दे सकें।