संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। स्वामी विवेकानंद की 164वीं जयंती और राष्ट्रीय युवा दिवस पर 12 जनवरी को ऊना जिले में स्वदेशी के लिए दौड़ (स्वदेशी संकल्प रन) कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। स्वदेशी जागरण मंच के जिला प्रशिक्षक सत्यदेव शर्मा के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को स्वामी विवेकानंद के आदर्शों से प्रेरित करना, स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना और उनमें शारीरिक स्वास्थ्य, अनुशासन, टीम भावना व राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व विकसित करना है। इसमें 2 किमी, 3 किमी और 5 किमी की दौड़, प्रेरक व्याख्यान, स्वदेशी संदेशों का प्रसार, प्रतिभागियों का पंजीकरण और प्रमाण-पत्र वितरण जैसी गतिविधियां शामिल रहेंगी। जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों से आग्रह है कि वे अपने स्तर पर इस कार्यक्रम का आयोजन करें। भारतीय विश्वविद्यालय संघ, विद्या भारती और अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद ने भी अपने अधीनस्थ संस्थानों में स्वदेशी संकल्प दौड़ आयोजित करने के निर्देश जारी किए हैं।