स्टाफ और बच्चों ने स्कूल पहुंचने पर किया भव्य स्वागत
संवाद न्यूज एजेंसी
नारी (ऊना)। राष्ट्रीय स्तरीय हैंडबाल प्रतियोगिता में सीनियर सेकेंडरी स्कूल सलोह की जमा दो मेडिकल संकाय की छात्रा तानिया ने राष्ट्रीय स्तर पर रजत पदक हासिल किया। यह प्रतियोगिता पंजाब के लुधियाना में संपन्न हुई। इसके उपलक्ष्य में शिमला के पोर्ट मोर स्कूल में कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने तानिया को प्रशस्ति पत्र और 3000 रुपये इनाम के रूप में देकर सम्मानित किया। सम्मानित होने के बाद तानिया का मंगलवार को अपने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सलोह में पहुंचने पर भव्य स्वागत किया। प्रधानाचार्य, अध्यापकों और बच्चों ने फूलमालाएं पहनाकर स्वागत किया। प्रधानाचार्य विक्रम बहादुर, सेवानिवृत्त एडीपीओ जगदीश राम, शारीरिक शिक्षक कुल यश राय समेत अन्य अध्यापक भी उपस्थित रहे। प्रधानाचार्य ने कहा कि प्रतिभा मुश्किलों की मोहताज नहीं होती। बेटी ने विज्ञान की छात्रा होने के बावजूद राष्ट्रीय स्तर पर लोहा मनवाया है। जब लग्न और एकाग्रता से कार्य किया जाए तो उसमें आनंद भी आता है और सफलता भी हासिल होती है।