जिलास्तरीय पीपलू मेले की तैयारियों को लेकर बंगाणा में की चर्चा
स्टार नाइट में सर्वश्रेष्ठ सांस्कृतिक प्रस्तुतियाें को ही मिलेगा अवसर : अमित
5 से 7 जून तक चलेगा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का दौर
संवाद न्यूज एजेंसी
थानाकलां (ऊना)। जिलास्तरीय पीपलू मेले के आयोजन को लेकर मंगलवार को उपमंडल कार्यालय बंगाणा में महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता कार्यकारी एसडीएम अमित शर्मा ने की। बैठक में बीपीओ सह प्रधानाचार्य संजीव पाराशर, सुरेश भारती, प्यारेलाल शर्मा, सुरजीत कुमार, पवन देव सहित विभिन्न स्कूलों के प्रधानाचार्य उपस्थित रहे। इस दौरान 5 से 7 जून तक चलने वाले मेले के लिए उपमंडल बंगाणा के स्कूलों की ओर से दी जाने वाली सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की रूपरेखा तय की गई। 5 जून को गवर्नमेंट स्कूल थाना कलां, अरलू, पीपलू, बांगणा, क्यारियां और शिवालिक पब्लिक स्कूल तनोह की ओर से सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। 6 जून को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धुंधला, लठियाणी, हटली और आर्य पब्लिक स्कूल बंगाणा अपनी प्रस्तुतियां देंगे। 7 जून को मॉडल स्कूल पीपलू और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धुंधला की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। कार्यकारी एसडीएम अमित शर्मा ने बताया कि मेले की स्टार नाइट में उन्हीं स्कूलों को प्रस्तुति का अवसर मिलेगा, जिनकी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां सर्वश्रेष्ठ होंगी। उन्होंने सभी स्कूलों से आग्रह किया कि वे मेले के गरिमा अनुरूप उच्च गुणवत्ता की प्रस्तुतियां सुनिश्चित करें। इस बैठक में सभी स्कूल प्रतिनिधियों ने मेले के सफल आयोजन के लिए पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।