ऊना में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर विधायक ने सरकार और पुलिस को घेरा
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं ऊना के विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने जिले में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऊना में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। सरेआम सड़कों पर तलवारें लहराई जा रही हैं, शादी समारोहों में हथियारों का प्रदर्शन हो रहा है और लोगों के साथ मारपीट की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है।
सत्ती ने कहा कि आम जनता दहशत के माहौल में जी रही है। कब कौन किस पर गोली चला दे या तेजधार हथियार से हमला कर दे, इसकी कोई गारंटी नहीं है। अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और पुलिस व्यवस्था का खौफ खत्म होता नजर आ रहा है।
उन्होंने सोमभद्रा नदी में दोबारा सक्रिय हुए खनन माफिया का मुद्दा उठाते हुए संतोषगढ़ पुलिस चौकी और टाहलीवाल थाना की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। आरोप लगाया कि अवैध खनन पर अंकुश लगाने में पुलिस पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है। नदी में खनन गतिविधियां फिर तेज हो गई हैं, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही।
विधायक ने ऊना मुख्यालय के अंब रोड पर बस और बाइक की टक्कर में बुजुर्ग की मौत का मामला भी उठाया। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज में घटनास्थल के पास बेतरतीब खड़े टिपर दिखाई दे रहे हैं। इनकी वजह से बाइक सवार को सामने से आ रही बस नजर नहीं आई और बस चालक भी बाइक को नहीं देख पाया। हादसे में बुजुर्ग को जान गंवानी पड़ी।
सत्ती ने पुलिस पर कार्रवाई में दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आम लोगों के स्कूटर और कारों के गलत पार्किंग पर चालान काटे जाते हैं, लेकिन सड़क किनारे खड़े टिपरों पर कार्रवाई नहीं होती।