बाल स्कूल ऊना में हुई सुरक्षित निर्माण मॉडल की जिला स्तरीय प्रतियोगिता
सुरक्षित निर्माण आपदा जोखिम न्यूनीकरण का सबसे प्रभावी उपाय : जतिन
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (बाल) ऊना में शनिवार को सुरक्षित निर्माण मॉडल पर जिलास्तरीय प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें उपायुक्त जतिन लाल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने कहा कि सुरक्षित निर्माण आपदा जोखिम न्यूनीकरण का सबसे प्रभावी और स्थायी उपाय है। इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में सुरक्षित निर्माण तकनीकों और आपदा-सुरक्षा सिद्धांतों के प्रति व्यावहारिक समझ विकसित करने में सहायक सिद्ध होती हैं। यह प्रतियोगिता जन-जागरूकता अभियान समर्थ-2025 के अंतर्गत आयोजित की गई।
प्रतियोगिता में हाई स्कूल स्तर पर पांच, वरिष्ठ माध्यमिक स्तर पर चार और कॉलेज स्तर पर एक मॉडल प्रदर्शित किया गया। प्रतियोगिता में उपायुक्त ऊना, पीओ (डीआरडीए) तथा लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता ने प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान के विजेताओं का चयन किया। हाई स्कूल स्तर पर रावमापा पिरथीपुर के सूर्यांश ने प्रथम, कांगड़ स्कूल की चाहत और सिमरन ने द्वितीय तथा राजकीय उच्च पाठशाला बुढवार की सोनाक्षी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वरिष्ठ माध्यमिक स्तर पर रावमापा कलोह की तानिया और मन्नत ने प्रथम, रावमापा मंदली के सूरज शर्मा ने द्वितीय और रावमापा (छात्रा) ऊना की मनप्रीत ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं कॉलेज स्तर पर एसवीएसडीपीसी कॉलेज भटोली के नितिश कुमार और काशवी धीमान प्रथम रहे।
उपायुक्त ने बताया कि विजेता प्रतिभागी आगामी सात से आठ अक्तूबर तक साइंस म्यूजियम आनंदपुर शोघी में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय सुरक्षित निर्माण मॉडल प्रतियोगिता में भाग लेंगे। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागी अपना मॉडल आपदा न्यूनीकरण प्रदर्शनी समर्थ-2025 के दौरान रिज मैदान शिमला में प्रदर्शित करेंगे, जहां उन्हें मुख्यमंत्री की ओर से सम्मानित किया जाएगा। इस मौके पर रावमापा (छात्र) ऊना के प्रधानाचार्य सुरेंद्र कौंडल, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता के एस ठाकुर, उपनिदेशक कार्यालय से नोडल अधिकारी (इंस्पायर) पुष्पा रानी, डीडीएमए ऊना के इंचार्ज राजन कुमार सहित अन्य उपस्थित रहे।