अंब(ऊना)। अंब के मुख्य बाजार और बस अड्डा परिसर के आसपास सोमवार को नगर पंचायत की टीम ने शौचालय निर्माण के लिए उपयुक्त जगह का मुआयना किया। इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य बाजार में आने वाले ग्राहकों, स्थानीय दुकानदारों और यात्रियों को स्वच्छता सुविधा मुहैया करवाना है। निरीक्षण के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष अनुसूया रानी, उपाध्यक्ष सुरेश अरोड़ा, पार्षद व पटवारी निशांत सहित अन्य टीम सदस्यों ने बाजार और बस स्टैंड के पास संभावित स्थलों का बारीकी से जायजा लिया। टीम ने ऐसी जगह तलाशने पर जोर दिया जहां आम जनता आसानी से पहुंच सके और आवागमन में भी कोई बाधा न आए। अध्यक्ष अनुसूया रानी ने कहा कि बाजार और बस अड्डे के पास रोजाना सैकड़ों लोगों का आना-जाना रहता है, जिसे देखते हुए यहां सार्वजनिक शौचालय की सख्त जरूरत है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत का प्रयास है कि जल्द से जल्द एक उपयुक्त जगह तय करके निर्माण कार्य शुरू करवाया जाए।