‘किसमें कितना है दम’ के महामंच चयन में मिला प्रशस्ति पत्र
दो राष्ट्रीय टीवी गायन प्रतियोगिताओं में बनाई दमदार जगह
संवाद न्यूज एजेंसी
थानाकलां (ऊना)। कुटलैहड़ क्षेत्र के नाहरी ध्यान सिंह गांव के प्रतिभाशाली युवा सूरम सिंह कौंडल पुत्र गुरदास राम ने संगीत जगत में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। मेहनत और निरंतर साधना के बल पर उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की दो प्रमुख टीवी गायन प्रतियोगिताओं ‘सिंगिंग आइकॉन’ और ‘किसमें कितना है दम’ में अपनी जगह बनाई है।
‘किसमें कितना है दम’ की टीम ने उन्हें मेगा ऑडिशन में चयनित कर पंजीकरण संख्या के 120-137 के तहत प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया, जिस पर निर्माता-निर्देशक विकास बंसल के हस्ताक्षर हैं। यह प्रमाण पत्र उनकी प्रतिभा और क्षमता का राष्ट्रीय स्तर पर प्रमाण है। उनकी सफलता से कुटलैहड़ क्षेत्र और गांव में खुशी की लहर है। पंचायत प्रतिनिधियों व स्थानीय लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सूरम सिंह ने अपनी उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और शुभचिंतकों को दिया और कहा कि उनके सहयोग से ही यह संभव हो पाया है।