ऊना। सरकारी राशन डिपो के उपभोक्ताओं के घर की रसोई में इस बार दाल का तड़का नहीं लग पाएगा। अभी तक राशन डिपुओं में किसी भी दाल का स्टॉक नहीं मिल पाया है। इसके चलते उपभोक्ताओं को बड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दालों के स्टॉक का डिपुओं में न पहुंचने का कारण सरकारी स्तर पर इसका टेंडर न हो पाना बताया जा रहा है। हालांकि इस बार के स्टॉक में डिपुओं के बीच चीनी, तेल आदि पहुंच गया है, लेकिन मलका, चने, माह आदि दालें नहीं पहुंची है। ऐसे में उपभोक्ता बार-बार डिपुओं के चक्कर लगाकर संचालकों से दालों का स्टॉक आने के बारे में जानकारी हासिल कर हैं, लेकिन डिपुओं पर जाकर उपभोक्ताओं को वापस मायूस होकर ही घरों को लौटना पड़ रहा है। फिलहाल इस अव्यवस्था के बीच उपभोक्ता परेशान हैं। अभी आने वाले दिनों में इन दालों के आने की संभावना नजर नहीं आ रही, जिससे उपभोक्ताओं को दालों के स्टॉक से महरूम रहना पड़ेगा।
बता दें कि तीनों दालें बीपीएल और एपीएल श्रेणी के लिए 38 रुपये से शुरू होकर 73 रुपये तक प्रति पैकेट उपलब्ध रहती है, जबकि इनके न आने पर अब बाजार से उपभोक्ताओं को दालों को दोगुने मूल्य पर खरीद करना पड़ रहा है।
-
बाहर बाजार में इन दालों के मूल्य दोगुने रहते हैं। सरकारी राशन के डिपुओं में सस्ती दरों पर इस बार के स्टॉक में बीपीएल और एपीएल श्रेणी के पात्रों को तीनों दालें नहीं मिल पाई हैं। जल्द इसका कोटा जारी होना चाहिए।
-अनुराग शर्मा।
-
स्थानीय डिपो में दो बार पता कर लिया, लेकिन इस बार दालों के न आने की बात संचालकों की ओर से कही गई है। ऐसे में इस बार चूल्हे पर दाल बनती हुई नहीं दिख रही है।
-नरेश कुमार।
-
इस बार डिपो से बाकी सारा राशन मिल गया है, लेकिन दालें नहीं मिल पाई है। अब दालों के आने पर फिर से उपभोक्ताओं को सरकारी राशन डिपो का चक्कर लगाने पड़ेंगे। इसका स्थायी समाधान होना चाहिए।
-अरुण कौशल।
-
अकसर ऐसे होता है कि कभी कोई सामान नहीं आया, तो कभी कोई। इस झंझट से मुक्ति के लिए उच्च विभाग व्यापक प्रबंध करे, ताकि उपभोक्ताओं को ऐसी परेशानी न हो।
-शक्ति कुमार।
-
सप्लाई ऑर्डर हाल ही में हुआ है। पिछले कल से रोटेशन में जिलों के अनुसार दालों की सप्लाई शुरू कर दी गई है। ऊना और हमीरपुर में सप्लाई भी इस 20 मई तक पूरी कर ली जाएगी। इससे उपभोक्ताओं की समस्या का समाधान होगा।
-संजीव वर्मा, क्षेत्रीय प्रबंधक, हिमाचल प्रदेश नागरिक आपूर्ति निगम लिमिटेड
अनुराग शर्मा।संवाद
अनुराग शर्मा।संवाद
अनुराग शर्मा।संवाद