ऊना। सोमवार सुबह ऊना में अचानक घनी धुंध छा गई। धुंध इतनी अधिक थी कि आसपास का कुछ भी साफ दिखाई नहीं दे रहा था और दृश्यता काफी कम हो गई। सड़कों पर वाहन चालक दिन निकलने के बावजूद गाड़ियों की लाइटें जलाकर चलते नजर आए।
अचानक बदले मौसम के कारण लोगों को कुछ देर के लिए ऐसा महसूस हुआ, मानो ठंड का मौसम लौट आया हो। धुंध से जहां लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली और कई लोग मौसम का आनंद लेते नजर आए खासकर मुख्य सड़कों पर वाहन चालकों को सामने से आने वाले वाहनों और सड़क किनारे की चीजों को देखने में दिक्कत हुई।
सुबह के समय ऊना शहर का नजारा पूरी तरह धुंध की चादर में लिपटा दिखाई दिया। मौसम के इस अचानक बदलाव को लेकर लोग भी हैरान रहे। स्थानीय लोगों ने वाहन चालकों से धुंध के दौरान धीमी गति से वाहन चलाने और लाइटों का प्रयोग करने की अपील की।