मुख्यमंत्री वीरभ्रद सिंह ने बुधवार को ऊना जिले के कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के छपरोह में आयोजित जनसभा में क्षेत्र के बीहड़ू कलां में उपतहसील खोलने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ विधानसभा के चुनाव में लंबे समय से आपसी एकता की कमी के कारण कांग्रेस उम्मीदवार जीत नहीं सके हैं।
अब समय आ गया है कि इन कारणों की समीक्षा की जाए। पंचायती राज चुनावों के बाद आशा की किरण जगी है। क्योंकि इन चुनावों में क्षेत्र में भारी संख्या में कांग्रेस विचारधारा के उम्मीदवार जीते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुटलैहड़ विधानसभा से कोई भी महिला और पुरुष चुनाव लड़ सकते हैं और समय आ गया है कि यह निर्णय किया जाए कि कौन इस विधानसभा क्षेत्र से नेतृत्व करेगा? मुख्यमंत्री ने इस मौके पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र थाना कलां को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्तरोन्नत करने, राजकीय उच्च पाठशाला बल्ह, बुढार, सनहाल को वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में स्तरोन्नत करने, राजकीय प्राथमिक पाठशाला जोगीपंगा, हंडोला और छपरोह को माध्यमिक पाठशाला में स्तरोन्नत करने और राजकीय माध्यमिक पाठशाला सैली, हरोट को उच्च पाठशाला में स्तरोन्नत करने की घोषणा की।
इसके साथ ही उन्होंने 25 हैंडपंप स्थापित करने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि सड़कों के रखरखाव और सुधार के लिए 38 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने लठियाणी में 82.60 लाख रुपये की लागत से निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के भवन का शुभारंभ किया। उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र थाना कलां के अतिरिक्त ओपीडी भवन का भी शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने भरमोट खड्ड पर 84.04 लाख की लागत से निर्मित पुल का भी लोकार्पण किया।
बंगाणा-शांथला सड़क को दिए 8.60 करोड़
बंगाणा (ऊना)। मुख्यमंत्री ने बंगाणा से शांथला सड़क को चौड़ा तथा इसके सुधार की भी आधारशिला रखी। इस पर 8.60 करोड़ व्यय किए जाएंगे। उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि 1985 के बाद कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस लगातार पिछड़ती रही है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि पार्टी जिस भी उम्मीदवार को चुनाव में टिकट देती है, उसे जिताने के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने विपक्ष के नापाक इरादों को गत तीन वर्षों में पूरी तरह ध्वस्त किया है। वहीं, राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष कुलदीप कुमार ने भी इस अवसर पर जनसभा को संबोधित किया। जिला कांग्रेस समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र धर्मांणी ने लोगों से संगठित होकर कार्य करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी में आपसी मतभेद के कारण पिछले कई वर्षों से कांग्रेस उम्मीदवार अपनी जीत दर्ज नहीं करवा सके हैं। आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष राजेंद्र राणा, विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष रामनाथ शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस समिति अध्यक्ष रविंद्र फौजी, राज्य कांग्रेस समिति के सचिव विवेक शर्मा, खादी ग्रामोद्योग बोर्ड उत्तरी क्षेत्र के पूर्व अध्यक्ष देश राज गौतम, जिला परिषद सदस्य उर्मिला देवी, बीडीसी अध्यक्ष मीना चौधरी, उपायुक्त यूनुस, एसपी अनुपम शर्मा सहित अन्य गण्यमान्य भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।