बेहड़ जसवां स्कूल में छात्रों ने चित्रों के माध्यम से दिया सड़क सुरक्षा का संदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
अंब (ऊना)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बेहड़ जसवां में शनिवार को सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों से अवगत कराने के लिए विभिन्न गतिविधियां करवाई गईं। कार्यक्रम की शुरुआत कक्षा सातवीं की छात्रा अभिता शर्मा के भाषण से हुई। इसके बाद सड़क सुरक्षा विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता करवाई गई। इसमें छात्रों ने अपने चित्रों के माध्यम से सड़क सुरक्षा के महत्वपूर्ण संदेश दिए।
सड़क सुरक्षा क्लब के प्रभारी शिव राणा ने छात्रों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। प्रधानाचार्या सपना ठाकुर ने हेलमेट, सीट बेल्ट के उपयोग तथा ट्रैफिक नियमों का पालन करने की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यक्रम का समापन सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं व विद्यार्थियों की ओर से सुरक्षित और सतर्क सड़क उपयोगकर्ता बनने की शपथ के साथ हुआ।