संवाद न्यूज एजेंसी
चिंतपूर्णी (ऊना)। राजकीय महाविद्यालय चिंतपूर्णी में प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन की ओर से आयोजित कमाल का कैंप 2025 में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार ने विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए और उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने बताया कि यह कैंप 24 दिनों का था, जो ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान आयोजित किया गया। इस कैंप में महाविद्यालय के आठ विद्यार्थियों आंचल शर्मा, पायल शर्मा, फूल कुमारी, राहुल भाटिया, अंजू, सलोनी, पलक और अर्पिता शर्मा ने भाग लिया। एनएसएस प्रभारी डॉ. विनोद कुमार ने बताया कि इस अनूठे शिविर में विद्यार्थियों ने अपने ही गांव में कक्षा चौथी से आठवीं तक के बच्चों को पढ़ाकर शिक्षण का मूल्यवान अनुभव प्राप्त किया। प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन की इस पहल के लिए प्राचार्य महोदय ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे शिविर बच्चों में सामाजिक जिम्मेदारी, नेतृत्व क्षमता और सेवा भाव को बढ़ावा देते हैं। महाविद्यालय परिवार ने भी विद्यार्थियों की इस सराहनीय भूमिका की प्रशंसा की।