मैड़ी (ऊना)। प्रसिद्ध गुरुद्वारा बाबा बड़भाग सिंह मैड़ी मेला का आयोजन 7 मार्च से लेकर 17 मार्च तक किया जा रहा है। मेले के दौरान ग्रामीणों को होने वाली समस्याओं को लेकर मंगलवार को बैठक की गई। उपमंडलाधिकारी अंब सचिन शर्मा, विधायक सुदर्शन सिंह बबलू तथा पंचायत प्रधान मैड़ी रीना कुमारी ने मेले के दौरान साफ-सफाई, शौचालय, स्वच्छ पानी, बिजली की सुचारु व्यवस्था तथा बच्चों के वार्षिक परीक्षा आदि विषयों पर चर्चा की। इस दौरान एसडीएम अंब सचिन शर्मा ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि मेला के दौरान जो भी समस्या आएगी, उसे प्रमुखता से हल किया जाएगा। इस मौके पर तहसीलदार अंब प्रेम धीमान, विकास खंड अधिकारी अंब ओमपाल डोगरा, उप प्रधान सुरेंद्र कुमार काका, जल शक्ति विभाग से नीरज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। ग्रामीणों में रजनीश पाल शर्मा, निशा शर्मा, अतरचंद, सुभाष चंद, शम्मी कुमार, विकास शर्मा व अन्य सदस्य मौजूद रहे।