शिक्षा बोर्ड के चिह्नित तीस से अधिक परीक्षा केंद्रों में हुई परीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। मार्च माह में वर्षा और बर्फबारी के बीच कड़कड़ाती ठंड के बावजूद परीक्षार्थियों के कदम डगमगाए नहीं। ऊंचाई और पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी के बावजूद परीक्षार्थी वार्षिक परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्रों तक पहुंचे। दुर्गम क्षेत्रों की राजकीय पाठशालाओं के विद्यार्थी पूरे उत्साह के साथ परीक्षा देने पहुंचे।
जोगिंद्रनगर में तीस से अधिक परीक्षा केंद्रों में दो हजार से अधिक विद्यार्थियों ने उपस्थिति दर्ज करवाई। शुक्रवार को 10वीं कक्षा की संस्कृत विषय की परीक्षा में परीक्षार्थियों ने 33 प्रश्नों को हल करने के लिए तीन घंटे तक अपने-अपने परीक्षा केंद्रों में मेहनत की। 80 अंक के प्रश्नपत्र को विभिन्न भागों में विभाजित किया गया था। इसमें बहुविकल्पीय प्रश्नों के लिए 16 अंक, निबंध और आवेदन के लिए पांच-पांच अंक रखे गए थे।
परीक्षार्थियों ने विलोम शब्द, रिक्त स्थान, प्रसंग, व्याख्या और अभ्यास संबंधी प्रश्नों को भी हल किया। खराब मौसम के बावजूद उन्होंने परीक्षा केंद्रों में दृढ़ता के साथ समय पूरा किया। 10वीं कक्षा की परीक्षार्थी मंजुला, कविता, सोनाक्षी, अक्षिता और नवदीप ने बताया कि ठंड और खराब मौसम के बीच उन्होंने संस्कृत की परीक्षा सरलता से हल की। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में जो चुनौतियां थीं, उन्हें पार करने में उनका हौसला बुलंद रहा।