कड़ी निगरानी के बीच हुआ परीक्षा का आयोजन
विभाग और एसडीएम के टीमों ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण
निरीक्षण टीमों ने जांची सीसीटीवी फुटेज, कमियां सुधारने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के तहत आते सभी स्कूलों में मंगलवार सुबह दसवीं और बारहवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं का आगाज हुआ। परीक्षाओं के सफल आयोजन के लिए दोनों कक्षाओं के 166 केंद्र तैयार किए गए हैं। इनमें विद्यार्थियों ने सुबह 8:45 बजे प्रवेश पाया और दोपहर 12 बजे तक परीक्षा में हिस्सा लिया। इस दौरान निरीक्षण टीमें ने विभिन्न स्कूलों में जाकर निरीक्षण किया और व्यवस्थाएं जांचीं। जानकारी के अनुसार मंगलवार को दसवीं कक्षा के हिंदी विषय और बारहवीं कक्षा के अर्थशास्त्र विषय की परीक्षा हुई। इसमें शत-प्रतिशत बच्चों ने परीक्षा में हिस्सा लिया। वहीं, शिक्षा उपनिदेशक शिक्षा क्वालिटी कंट्रोल जिला ऊना नीलम की अध्यक्षता में गठित फ्लाइंग स्क्वायड की टीम ने कई स्कूलों में जाकर व्यवस्था का निरीक्षण किया और जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए। फ्लाइंग टीम में प्रवक्ता डॉ. किशोरी लाल शर्मा, सुनीता टीजीटी एवं बोधराज डीएम शामिल रहे। उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नंगड़ां, चदतगढ़, बसदेहड़ा, देहलां, बहड़ाला एवं माउंट एवरेस्ट सीनियर सेकेंडरी स्कूल कुठार कलां के परीक्षा केंद्र को जांचा और सीसीटीवी फुटेज को देखा। पहली परीक्षा में टीम ने पाया कि परीक्षाएं सुचारू रूप से चल रही हैं। जहां कमियां पाई गईं, उन्हें परीक्षा समन्वयक को सुधार करने के लिए कहा गया। परीक्षा देकर बाहर आए विद्यार्थियों में वंशिका, सिमरन, राहुल, अरश कुमार व अन्य ने कहा कि पेपर अच्छा रहा। कहा कि पूछे गए सवाल आसान थे, हालांकि पेपर को हल करने में समय जरूर लगा। लेकिन कुल मिलाकर समय से और अच्छे तरीके से परीक्षा पूर्ण की। उन्होंने कहा कि अब उनका फोकस आने वाली परीक्षाओं पर रहेगा। 10वीं की परीक्षा 22 मार्च को तो वहीं 12वीं की परीक्षा 29 मार्च को समाप्त होगी। 10वीं के पेपर 8:45 से 12 बजे तक होंगे। वहीं, 12वीं के फाइन आर्ट्स सब्जेक्ट को छोड़कर बाकी सभी पेपर सुबह 8:45 से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होंगे।