केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने किया सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। राष्ट्रीय युवा दिवस पर 9 से 12 जनवरी को आयोजित राष्ट्रीय युवा उत्सव में राजकीय महाविद्यालय ऊना के छात्र अनमोल शर्मा ने हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए भाषण प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस प्रतियोगिता में लगभग 5000 प्रतिभागी शामिल हुए थे। अनमोल को केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया और राज्य मंत्री रक्षा खड़से की ओर से सम्मानित किया गया। प्रधानमंत्री भी समापन समारोह में मौजूद रहे। अनमोल ने कहा कि राष्ट्रीय मंच पर हिमाचल प्रदेश का नाम सुनना उनके लिए गौरव का क्षण था। इससे पहले उन्होंने राज्य स्तरीय युवा उत्सव में प्रथम स्थान हासिल किया था। महाविद्यालय के प्रिंसिपल डॉ. मीता शर्मा ने इस उपलब्धि को महाविद्यालय के लिए गौरवपूर्ण बताया और इसे सभी छात्रों के लिए प्रेरणा का स्त्रोत कहा।