पूछताछ और स्टाफ की सहमति से प्रवेश कर पाएंगे अनजान लोग
शिक्षा विभाग सोमवार को सभी स्कूलों को जारी करेगा पत्र
देहरा में मिड-डे मील कर्मी की स्कूल में हत्या के बाद हरकत में आया विभाग
जिले के स्कूलों में सुरक्षा होगी और सख्त, बाहरी लोगों के प्रवेश पर लगेगी रोक
विकास चौधरी
ऊना। ऊना जिले के सरकारी और निजी स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। अब किसी भी बाहरी या अनजान व्यक्ति को स्कूल परिसर में प्रवेश से पहले अनिवार्य रूप से अनुमति लेनी होगी। इसके अलावा स्कूल संचालन के दौरान मुख्य द्वार और अन्य प्रवेश द्वार बंद रखे जाएंगे। इस संबंध में शिक्षा विभाग सोमवार को जिले के सभी सरकारी स्कूलों को औपचारिक पत्र जारी करेगा।
यह निर्णय कांगड़ा जिले के देहरा क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात मिड-डे मील महिला कर्मचारी की तेजधार हथियार से हत्या की घटना के बाद लिया गया है। इस गंभीर वारदात के बाद शिक्षा विभाग सक्रिय हुआ और स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। शिक्षा विभाग के अनुसार अब स्कूलों में आने-जाने वालों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। बिना पहचान पत्र या पूर्व अनुमति के किसी को भी स्कूल में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। स्कूल प्रबंधन को आगंतुक रजिस्टर अनिवार्य रूप से रखने के निर्देश दिए जाएंगे और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना संबंधित अधिकारियों को देनी होगी।
इससे पहले स्कूल परिसरों में प्रवेश को लेकर विशेष सख्ती नहीं थी, लेकिन हालिया घटना ने सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि बच्चों और स्कूल स्टाफ की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कोट
सभी स्कूलों में बाहरी लोगों या अनजान चेहरों के प्रवेश से पहले पूरी पूछताछ की जाए। स्कूल के मुख्य और अन्य गेट बंद रखे जाएं। यदि कोई व्यक्ति प्रवेश के लिए कहता है तो उस अध्यापक या स्टाफ सदस्य से पहले सहमति ली जाए, जिससे वह मिलने का इच्छुक है। निजी स्कूलों में सुरक्षा गार्ड रहते हैं, लेकिन वहां भी प्रवेश से पहले पर्याप्त पूछताछ नहीं होती। सभी स्कूल इस पर विशेष ध्यान दें और अनजान व्यक्तियों को परिसर में दाखिल न होने दें। -अनिल कुमार, उपनिदेशक, जिला उच्च शिक्षा विभाग