कहा, किसान हित में नहीं है पुराने सब्जी मंडी स्थल को बदलना
अभी तय नहीं हो पा रहा किसान सब्जी मंडी का स्थान
संवाद न्यूज एजेंसी
मैहतपुर (ऊना)। स्थानीय नगर परिषद के वार्ड नंबर दो में पानी की टंकी के समीप सप्ताह में दो दिन लगने वाली किसान सब्जी मंडी के स्थान परिवर्तन को लेकर रेहड़ी-फड़ी वालों ने कड़ा विरोध जताया है। रेहड़ी-फड़ी यूनियन ने खुले तौर पर एलान किया है कि वे किसी भी सूरत में सब्जी मंडी का पुराना स्थान नहीं छोड़ेंगे और न ही नए स्थान पर जाकर रेहड़ी-फड़ी लगाएंगे।
रेहड़ी-फड़ी यूनियन के प्रधान सतपाल ने कहा कि नगर परिषद और जिला प्रशासन की ओर से किसान सब्जी मंडी का स्थान बदलना किसान हित में नहीं है। यदि मंडी का स्थान बदला गया तो इससे उनके कारोबार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग साजिश के तहत किसान सब्जी मंडी को यहां से हटाना चाहते हैं, लेकिन यूनियन ऐसा किसी भी कीमत पर नहीं होने देगी।
किसान सब्जी मंडी के स्थल को बदलने को लेकर चल रही कवायद पर अभी तक कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। हालांकि, जिला प्रशासन की योजना किसान सब्जी मंडी को बसदेहड़ा स्थित देसराज स्मृति सामुदायिक भवन परिसर में स्थानांतरित करने की है, ताकि मुख्य बाजार और रेलवे रोड पर लगने वाली मंडी के कारण उत्पन्न होने वाली यातायात समस्या का समाधान किया जा सके और आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
दूसरी ओर खरीदारी के लिए आने वाले ग्राहकों का कहना है कि किसान सब्जी मंडी के चलते पार्किंग की गंभीर समस्या बनी रहती है। पार्किंग के लिए उचित स्थान न होने के कारण आवाजाही में भारी व्यवधान उत्पन्न होता है। संभवतः इसी कारण जिला प्रशासन मंडी को बसदेहड़ा के सामुदायिक भवन परिसर में शिफ्ट करना चाहता है। हालांकि, इस निर्णय से रेहड़ी-फड़ी लगाने वाले किसान संतुष्ट नहीं हैं।
वहीं, आम जनता का कहना है कि उन्हें इस बात से अधिक फर्क नहीं पड़ता कि किसान सब्जी मंडी किस स्थान पर लगाई जाए, लेकिन मंडी के साथ पार्किंग की उचित व्यवस्था की जानी चाहिए। यही आमजन की प्रमुख मांग है। नगर परिषद मैहतपुर-बसदेहड़ा के कार्यकारी अधिकारी (ईओ) ने बताया कि जिला प्रशासन के आदेशों के अनुसार ही कार्रवाई की जा रही है और इसमें लोगों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने स्थानीय लोगों और रेहड़ी-फड़ी लगाने वालों से सहयोग की अपील भी की है।