भरवाईं (ऊना)। चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गिंडपुर मलोन गांव में लावारिस पशुओं का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। गांव के खेतों में घूम रहे पशु किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं। स्थानीय किसानों का कहना है कि दिन-रात मेहनत कर तैयार की गई फसल को पशु चट कर जा रहे हैं। कई किसानों की फसल पूरी तरह नष्ट हो चुकी है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। किसानों के अनुसार इस समस्या के कारण खेती करना दिन-प्रतिदिन मुश्किल होता जा रहा है। गांव के किसानों ने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि लावारिस पशुओं को जल्द से जल्द पकड़कर नजदीकी गोशालाओं में भेजा जाए ताकि उनकी फसलें सुरक्षित रह सकें।