ऊना। जिले की टैक्सी यूनियनों ने ऊना में केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा टैक्स और अन्य नीतियों के विरोध में ऊना बस स्टैंड से मिनी सचिवालय तक प्रदर्शन किया। यूनियन ने मांगों को लेकर जिला प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा। यूनियन ने चेताया है कि अगर मांगों को न माना तो भूख हड़ताल की जाएगी।
देवभूमि ऑल हिमाचल टैक्सी ऑपरेटर यूनियन के जिला प्रभारी राजिंद्र कुमार ने कहा कि जिले में निजी गाड़ियों को टैक्सी के रूप में प्रयोग किया जा रहा है। इस कारण टैक्सी मालिकों को काफी नुकसान हो रहा है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में जिले में निजी गाड़ियों को टैक्सी के रूप में इस्तेमाल किया गया। इसका बिल भी विभाग ने पास कर दिया।
उन्होंने कहा कि बढ़ती पेट्रोल और डीजल के कीमतों के बीच परिवार का पालन-पोषण करना बड़ा कठिन है। उन्होंने चालक मालिक आयोग के गठन की मांग की। यूनियन ने चालान के नाम पर लूट बंद करने, नेशनल टैक्स प्रति सीट के हिसाब से हो, टैक्सी टेंडर में ठेकेदारी प्रथा बंद करने, नेशनल परमिट अवधि कम से कम 15 वर्ष करने की मांग की। इस अवसर पर इसमें प्रीपेड टैक्सी यूनियन, देव भूमि ऑल हिमाचल टैक्सी ऑपरेटर, विशाल टैक्सी ऑपरेटर यूनियन चिंतपूर्णी, अंब यूनियन कुटलैहड़ टैक्सी यूनियन बंगाणा के सुरेंद्र, साहिल शर्मा, वीकेश डढ़वाल, दीपक, पंकज कुमार, सन्नी कुमार, अशोक कुमार, आदित्य कुमार, विकास कुमार, रविंद्र सिंह, अजय सिंह, रमजान अली, विजय शर्मा, अभिषेक शर्मा, पवन कुमार, राजेंद्र कुमार, मोहिंद्र सिंह, राजिंद्र सिंह, मोहित कुमार सहित अन्य उपस्थित रहे।