ऊना। पीएमश्री राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक उत्कृष्ट पाठशाला मुबारिकपुर में अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से अपराजिता 100 मिलियन स्माइल कार्यक्रम में विद्यार्थियों को सोशल मीडिया से दूरी बनाने और लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल के प्रिंसिपल डीएस राणा ने की। जबकि मुख्य वक्ता के तौर पर आयुष विभाग चिकित्सक डॉक्टर मुमताज चौहान और जिला ऊना चाइल्ड वेलफेयर कमेटी की सदस्य अधिवक्ता राजकुमारी शर्मा ने शिरकत की। अधिवक्ता राजकुमारी शर्मा ने बच्चों को बाल संरक्षण अधिनियम, पोक्सो एक्ट, महिलाओं के अधिकारों के बारे में जागरूक किया और सोशल मीडिया से दूरी बनाने और अपना ध्यान विद्यार्थी जीवन में अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए केंद्रित करने के लिए प्रेरित किया।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि सामाजिक बुराइयों से लड़ने के लिए सबसे पहले शिक्षित होना जरूरी है। अगर लड़कियां शिक्षित होंगी तो सशक्त समाज का निर्माण करने में अहम भूमिका अदा कर सकती हैं। डॉक्टर मुमताज चौहान ने लड़कियों को मासिक धर्म और बढ़ती उम्र के हिसाब से शरीर में आने वाले बदलाव के बारे में भी जागरूक किया। कहा कि लड़कियों को घबराने की जरूरत नहीं है और कोई भी दिक्कत हो तो चिकित्सक से परामर्श करके समय रहते उचित उपचार की सलाह अवश्य लें।
अधिवक्ता राजकुमारी शर्मा ने कहा कि अगर लड़कियों के साथ किसी भी प्रकार की कोई छेड़छाड़ की घटना होती है तो इसकी तुरंत शिकायत अपने परिजनों, गुरुजनों से करें। अपराध सहना भी अपने आप में एक अपराध है।