संवाद न्यूज एजेंसी
बंगाणा (ऊना)। पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा है कि कुटलैहड़ में कांग्रेस सरकार आपदा राहत में भेदभाव कर रही है और इसमें राजनीतिक रंग जोड़ रही है। क्षेत्र में कई दिनों से पेयजल आपूर्ति बाधित है, जबकि मुख्य सड़कों की मरम्मत में भी सरकार नाकाम साबित हो रही है। ग्रामीण सड़कों की स्थिति और भी खस्ता है। कंवर ने कहा कि आपदा के समय सरकार और प्रशासन को तत्परता दिखानी चाहिए, लेकिन हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार उदासीनता दिखा रही है। उनका आरोप है कि कांग्रेस केवल केंद्र सरकार पर दोष डालकर अपनी नाकामियों को छिपा रही है। पूर्व विधायक सतपाल रायजादा की ओर से सांसद अनुराग ठाकुर पर लगाए गए आरोपों को निराधार और राजनीतिक प्रेरित करार दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने हमेशा प्रदेश को भरपूर सहायता दी है, लेकिन कांग्रेस सरकार न तो इस मदद को जनता तक पहुंचा पा रही है और न ही सहायता का व्यय विवरण जारी कर पाई है। कंवर ने दावा किया कि केंद्र सरकार ने हिमाचल को तीन गुना अधिक राहत दी, फिर भी पिछली आपदा पीड़ितों तक सहायता नहीं पहुंची है। जिनके घर तबाह हो चुके हैं, उनके पुनर्वास की ठोस व्यवस्था भी नहीं बनी है। उनके अनुसार राहत के नाम पर केवल लीपापोती की जा रही है। इस मौके पर उनके साथ पंचायत प्रधान गुरनाम सिंह, पूर्व बीडीसी सदस्य बख्शीश सिंह, भाजपा एससी मोर्चा अध्यक्ष कै. सुभाष कौंडल, युवा मोर्चा के मनीष और अन्य कार्यकर्ता भी उपस्थित थे।