संवाद न्यूज एजेंसी
भरवाईं (ऊना)। क्षेत्र में नशे के खिलाफ चल रहे व्यापक अभियान को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से चिंतपूर्णी पुलिस ने रविवार को टैक्सी चालकों के लिए एक विशेष बैठक आयोजित की। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी एसएचओ जयराम शर्मा ने की। इसमें टैक्सी यूनियन से जुड़े चालक, व्यापार मंडल के सदस्य और स्थानीय दुकानदार मौजूद रहे। एसएचओ जयराम शर्मा ने टैक्सी चालकों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा केवल करने वाले व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इसका असर पूरे समाज पर पड़ता है। उन्होंने समझाया कि सार्वजनिक वाहनों का नशा तस्करी या अन्य अवैध गतिविधियों में दुरुपयोग होने की संभावना रहती है, इसलिए प्रत्येक चालक का कर्तव्य है कि वह सजग और सतर्क रहें। उन्होंने यह भी बताया कि नशे का सेवन व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार की आर्थिक स्थिति और सामाजिक वातावरण पर गंभीर असर डालता है। उन्होंने कहा कि अगर समाज का हर वर्ग मिलकर सहयोग करे तो नशे जैसी गंभीर समस्या पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। बैठक में उपस्थित व्यापार मंडल के सदस्यों और दुकानदारों ने टैक्सी चालकों को विशेष रूप से यह निर्देश दिया कि वे किसी भी हाल में शराब पीकर वाहन न चलाएं, क्योंकि यह न केवल चालक बल्कि यात्रियों और सड़क पर चल रहे अन्य लोगों के जीवन के लिए भी गंभीर खतरा है। टैक्सी चालकों ने पुलिस को सहयोग देने का भरोसा जताया। एसएचओ जयराम शर्मा ने अंत में स्पष्ट किया कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की नहीं, बल्कि यह एक सामाजिक आंदोलन है जिसमें हर व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।