नंगल (ऊना)। बिहार और उत्तर प्रदेश के लोगों का प्रमुख छठ पर्व बुधवार से शुरू हो गया। विशेष तौर पर बनाई जाने वाली खीर और चूरमा आदि का सेवन करने के बाद व्रत की शुरुआत हुई। इसे खरना कहा जाता है। वीरवार को ढलते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा और अगले दिन सूर्य देव को अर्घ्य देने के बाद यह पर्व संपूर्ण होगा। यह पूजा सूर्य देव व उनकी पत्नी ऊषा की होती है। मान्यता है कि जब भगवान राम रावण पर विजय पाकर लौटे थे तो माता सीता ने अयोध्या आकर सूर्य देव की पूजा कर व्रत रखा था। महाभारत काल में सूर्य पुत्र कर्ण भी कमर तक पानी में खड़े होकर सूर्य की पूजा किया करते थे। यह भी माना जाता है कि छठ मैया से सच्चे मन से की गई हर मनोकामना पूरी होने के उपरांत मनोकामना करने वाले भी इस व्रत को पूरी श्रद्धा के साथ रखते हैं। ऊना जिला सहित नंगल में भी समस्त बाजारों में वर्त रखने वाले खरीदारी करते नजर आए।