ऊना। थाना बंगाणा के तहत ननावीं गांव में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से स्कूटी सवार दंपती घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी बाइक चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ननावीं निवासी दिनेश कुमार पुत्र दलीप सिंह ने बताया कि वह निजी बस में कंडक्टर है। 12 जून की रात करीब साढ़े आठ बजे वह अपनी स्कूटी पर पत्नी कुसुम लता के साथ लठियाणी की ओर जा रहा था। जब वह गांव ननावीं में अशोक कुमार के घर के पास पहुंचे तो पीछे से तेज रफ्तार में आए एक बाइक चालक ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे के बाद स्कूटी सवार दंपती सड़क पर गिर पड़ा। दुर्घटना में दिनेश कुमार की दाहिनी टांग में चोट आई, जबकि उनकी पत्नी के सिर पर मामूली चोटें आईं। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को उपचार के लिए बंगाणा अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दिनेश कुमार को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर कर दिया गया। शिकायतकर्ता ने बताया कि टक्कर मारने वाले बाइक चालक की पहचान प्यार चंद निवासी डडियार के रूप में हुई। पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी बाइक चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।