ऊना। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सौजन्य से जिला कल्याण और मुख्य चिकित्सा अधिकारी ऊना के संयुक्त तत्वावधान में जिले के 11 स्वास्थ्य संस्थानों में मोतियाबिंद (कैटरेक्ट सर्जरी) की जांच के लिए 9 से 17 अक्तूबर तक विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
इन शिविरों का उद्देश्य मोतियाबिंद से प्रभावित लोगों को समय पर जांच एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध करवाना है।
जिला कल्याण अधिकारी ऊना आवास पंडित ने बताया कि 9 अक्तूबर को सीएचसी दौलतपुर चौक, 13 अक्तूबर को सीएच हरोली और सीएच बंगाणा, 14 अक्तूबर को सीएचसी धुसाड़ा और सीएचसी थानाकलां, 15 अक्तूबर को सीएचसी कुंगड़त और सीएच चिंतपूर्णी, 16 अक्तूबर को जिला अस्पताल ऊना और सीएच अंब तथा 17 अक्तूबर को सीएच गगरेट एवं सीएचसी बसदेहड़ा में जांच शिविर आयोजित होंगे।
आवास पंडित ने बताया कि इन जांच शिविरों के दौरान चिकित्सकों द्वारा मरीजों की आंखों की जांच की जाएगी।
जांच के उपरांत मोतियाबिंद के ऑपरेशन के लिए पात्र पाए जाने वाले मरीजों की सूची तैयार की जाएगी तथा जिला अस्पताल ऊना में उनका निशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन करवाया जाएगा।
मरीजों को आने-जाने के लिए किराए की सुविधा भी सरकार द्वारा उपलब्ध करवाई जाएगी। साथ में शिविरों में जलपान की व्यवस्था भी की जाएगी।