भरवाईं (ऊना)। 19 मार्च से शुरू हो रहे चैत्र नवरात्र मेलों के मद्देनजर मंगलवार को पुलिस अधीक्षक (एसपी) सचिन हिरेमठ ने विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी मंदिर का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर की गई तैयारियों का निरीक्षण किया। एसपी ने मंदिर के सभी एंट्री और एग्जिट गेट का निरीक्षण किया और सीसीटीवी कैमरों के कंट्रोल रूम में जाकर निगरानी व्यवस्था जांची। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नवरात्र मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जाए ताकि मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। एसपी ने कहा कि नवरात्र के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां चिंतपूर्णी के दरबार में पहुंचते हैं, इसलिए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के विशेष इंतजाम किए जाएंगे। इस मौके पर उनके साथ डीएसपी अनिल पटियाल, चिंतपूर्णी थाना प्रभारी जयराम शर्मा सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।