एक भाई की पहले ही सड़क हादसे में हो चुकी है मौत
गरीब परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, पुलिस ने वाहन कब्जे में लेकर जांच की शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ूही (ऊना)। धर्मशाला-चंडीगढ़ मुख्य मार्ग पर सोमवार को बड़ूही बाजार से आगे गांव दिलवां में एक सड़क हादसा हो गया। सड़क पार कर रहे राज मिस्त्री सोनू निवासी बड़ूही को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में राहगीर गंभीर रूप से घायल हो गया। एक अन्य कार चालक ने मानवता दिखाते हुए घायल को तुरंत अंब अस्पताल पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे ऊना अस्पताल रेफर कर दिया। ऊना में उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे चंडीगढ़ पीजीआई भेजने की तैयारी की जा रही थी, लेकिन जख्मों का ताव न सहते हुए उसने अस्पताल ऊना में ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद पुलिस के लिए मृतक की पहचान करना मुश्किल हो गया था, क्योंकि उसके पास कोई पहचान पत्र नहीं मिला। मंगलवार शाम को पुलिस ने उसकी बाजू पर बने टैटू के आधार पर शिनाख्त की। मृतक की पहचान सोनू पुत्र धरमचंद, निवासी वार्ड-4, बड़ूही के रूप में हुई है। बताया जा रहा कि सोनू राज मिस्त्री का काम करता था और बेहद गरीब परिवार से संबंध रखता था। उसके परिवार में तीन छोटी बेटियां और एक बेटा है। घर में कमाने वाला अकेला वही था। सोनू का एक भाई पहले ही सड़क हादसे में अपनी जान गंवा चुका है। अब परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। शिनाख्त में देरी के कारण शव ऊना अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखा गया है। बुधवार को पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
पुलिस अधीक्षक ऊना अमित यादव ने बताया कि हादसे में आरोपी कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया। वाहन को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी गई।