राहगीरों और विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों को चलने में होती थी कठिनाई
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर (मंडी)। धर्मपुर मुख्यालय के पास धर्मपुर-स्योह मढ़ी मार्ग पर हल्की बारिश में सड़क पर पानी भर जाने की गंभीर समस्या के चलते लोक निर्माण विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग ने सड़क पर बने जल जमाव को दूर करने के लिए नाली की खोदाई का काम शुरू कर दिया है। अमर उजाला ने लोगों की इस समस्या को प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद विभाग हरकत में आया।
इस मार्ग पर बारिश के समय पानी जमा हो जाने के कारण राहगीरों और विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों को चलने में कठिनाई होती थी। कई बार वाहन फिसलने की घटनाएं भी सामने आई थीं। स्थानीय लोगों की लगातार शिकायतों के बाद विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पोकलेन मशीन की मदद से सड़क किनारे उचित ढलान वाली नाली का निर्माण शुरू कर दिया है, ताकि बारिश का पानी सड़क पर न रुककर सीधे बह सके।
स्थानीय निवासी हेमराज, बीरबल, श्याम सिंह और विधि चंद ने विभाग की इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि अब उन्हें बारिश के दौरान राहत मिलेगी। वहीं लोगों ने क्षेत्र की अन्य सड़कों पर भी समय रहते ऐसी समस्याओं के समाधान की मांग की है।
समस्या की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई की गई है। नाली निर्माण से सड़क पर जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान होगा और भविष्य में लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। -अंशुमन सोनी, अधिशासी अभियंता, लोकनिर्माण विभाग