पंजाब नेशनल बैंक का दो दिवसीय लोन शिविर शुरू, उपायुक्त ने किया शुभारंभ
सोलर रूफ टॉप योजना के लिए भी सस्ता ऋण उपलब्ध
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। पंजाब नेशनल बैंक की ओर से एमसी पार्क ऊना के समीप आयोजित दो दिवसीय होम लोन एवं सूर्य घर ऋण एक्सपो शिविर का शुभारंभ शुक्रवार को उपायुक्त जतिन लाल ने किया। इस दौरान पीएनबी के मंडल प्रमुख अरविंद सरोच, जिला अग्रणी मुख्य प्रबंधक लहरी मल, पीएनबी ऊना के प्रबंधन प्रमुख पीयूष कुमार और आंचल कार्यालय शिमला के मुख्य प्रबंधक साहिल कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। यह लोन शिविर 8 फरवरी तक चलेगा। इसमें विभिन्न ऋण योजनाओं की जानकारी देकर अधिक से अधिक लोगों को जागरूक किया जाएगा। उपायुक्त जतिन लाल ने पंजाब नेशनल बैंक के गृह निर्माण और सोलर रूफ टॉप लगाने के लिए सरल प्रक्रिया के तहत सस्ती ब्याज दरों पर ऋण उपलब्ध करवाने के प्रयासों को सराहा। पीएनबी देश का दूसरा सबसे बड़ा बैंक है और देश के प्रमुख प्रोजेक्ट्स में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। सोलर रूफ टॉप योजना न केवल आर्थिक रूप से लाभदायक है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है। इस योजना के तहत नागरिकों को सस्ती और स्थायी ऊर्जा मिलेगी, जिससे बिजली बिलों में कमी आएगी और पर्यावरण पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
सस्ती ब्याज दरों पर गृह और सौर ऊर्जा लोन
जिला अग्रणी मुख्य प्रबंधक लहरी मल ने बताया कि पंजाब नेशनल बैंक का उद्देश्य लोगों को घर बनाने और सौर ऊर्जा अपनाने में सहायता प्रदान करना है, ताकि वे अपनी जिंदगी को अधिक किफायती और हरित बना सकें। गृह ऋण 8.40 प्रतिशत की ब्याज दर पर उपलब्ध है। सोलर रूफ टॉप लोन 7 प्रतिशत की ब्याज दर पर लिया जा सकता है। 10 किलोवाट तक के सोलर रूफ टॉप सिस्टम को 10 वर्षों के लिए 7 प्रतिशत ब्याज दर पर स्थापित किया जा सकता है। लोन प्रक्रिया को न्यूनतम कागजी कार्रवाई के साथ पूरा किया जा रहा है।