अंडर-16 अंतर जिला क्रिकेट चैंपियनशिप का फाइनल जीतने के बाद सोलन टीम।
- फोटो : Una
ऊना। स्थानीय इंदिरा मैदान में 30 अक्तूबर से एक नवंबर तक चले अंडर-16 अंतर जिला क्रिकेट चैंपियनशिप का फाइनल सोलन जिले के नाम रहा। तीन दिवसीय फाइनल मुकाबले में सोलन ने कांगड़ा को सात विकेट से मात दी। प्रतियोगिता के दौरान कांगड़ा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी।
पहली इनिंग में कांगड़ा की टीम 42.1 ओवर में 101 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। कांगड़ा की ओर से बल्लेबाज अग्रिम चंबियाल ने सबसे अधिक 25 रन बनाए। वहीं, सोलन गेंदबाज देवाशीष सैजल ने पांच, नौनिहाल ने तीन और आर्यन ठाकुर ने दो विकेट हासिल किए। इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी सोलन की टीम ने 75.3 ओवर में 209 रन बनाए। इसमें शुभम शर्मा ने 42 और लितेश ने 40 रन का योगदान दिया। वहीं कांगड़ा के गेंदबाज देवांश चार, तनिश और अंश के दो-दो विकेट हासिल किए।
दूसरी पारी में कांगड़ा ने 78 ओवर में नौ विकेट पर 269 रन बनाए। इसमें सोहन मिश्रा ने 101, अग्रिम चंबियाल ने 82 और राजवीर सिंह ने 46 रन की शानदार पारी खेली। सोलन को जीत के लिए 162 रन का लक्ष्य दिया गया।
इसके जवाब में सोलन ने तीन विकेट के नुकसान पर 40.2 ओवर में लक्ष्य हासिल कर फाइनल मैच पर सात विकेट से कब्जा जमाया। दूसरी पारी में सोलन की ओर से अक्षय वशिष्ट ने 65 और ईशान ने 54 रन की पारी खेली। वहीं कांगड़ा के गेंदबाज देवांश, तनिश और अभिषेक ने एक-एक विकेट लिया।